महाराजगंज को मिली ऑडिटोरियम की सौगात, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने किया शिलान्यास
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 29 Nov, 2024
- 244
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महाराजगंज, 29 नवंबर। लंबे समय से प्रतीक्षित ऑडिटोरियम निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। जिला मुख्यालय पर 450 सीटों की क्षमता वाले 15 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम की आधारशिला आज रखी गई। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने जिलाध्यक्ष संजय पांडेय के साथ विधिवत पूजन-अर्चन कर शिलान्यास किया।
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि जिले में सांस्कृतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए एक ऑडिटोरियम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस भवन का निर्माण न केवल जिले की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रशासनिक कार्यक्रमों को सुगम बनाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि यह परियोजना केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के सहयोग और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा, "पूर्ववर्ती सरकारों के पास विकास का विजन नहीं था। अब जिले में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है।"
2024 जिले के लिए सौभाग्यशाली वर्ष
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि वर्ष 2024 महाराजगंज के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहा है। जिले को रेलवे, मुख्य डाकघर, पासपोर्ट कार्यालय और इनडोर स्टेडियम जैसी कई सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासपरक नीतियों से जिले में समग्र विकास संभव हो रहा है।
शिलान्यास समारोह में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, डीसीएफ चेयरमैन अशोक तिवारी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, जिला महामंत्री ओम प्रकाश पटेल, नगर अध्यक्ष सानंदन पटेल सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ऑडिटोरियम के निर्माण से जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना महाराजगंज के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

